चंडीगढ़ में वीरवार को पंजाब सरकार के विभिन्न निदेशालयों के मुलाजिम सेक्टर-17 में राज्य सरकार के ख?
- फोटो : 1
चंडीगढ़ स्थित पंजाब सरकार के विभिन्न निदेशालयों के मुलाजिमों ने वीरवार को सेक्टर-17 में रैली करके मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से लगातार किए जा रहे एलान पर रोष जताया कि मुख्यमंत्री केवल एलान ही कर रहे हैं, काम कोई नहीं हो रहा। इस संबंध में कर्मचारी नेता सुखचैन सिंह खैरा ने बताया कि चन्नी सरकार की ओर से मुलाजिमों के साथ गत एक नवंबर को बैठक में जिन मांगों को मंजूरी देकर 3 नवंबर को पत्र जारी किया गया था, वह केवल कर्मचारी संगठनों को भरोसा दिलाने का ही पत्र साबित हुआ, क्योंकि उससे संबंधित नोटिफिकेशन आज तक जारी नहीं हुआ है।
खैरा ने आगे बताया कि एक नवंबर को मुख्यमंत्री ने मुलाजिमों का दिया जाने वाला 11 फीसदी डीए एक जुलाई से देने की घोषणा भी की थी, लेकिन उसे अब एक नवंबर के लागू करने की बात कही है। इसके अलावा पेंशनरों को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार बढ़ोतरी न देकर मामूली बढ़ोतरी दी जा रही है।
इस मौके पर राजीव शर्मा, अमरजीत सिंह, मनदीप सिंह सिद्धू, सुखचैन सिंह, सुखविंदर सिंह ने रैली के संबोधित करते हुए कहा कि अगर सरकार ने मुलाजिमों की मांगों को जल्द स्वीकार न किया तो आने वाले दिनों में कामकाज ठप किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस वादाखिलाफी के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।