चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ एक बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। पंजाब विधानसभा के प्रवक्ता ने बताया कि यह एक शिष्टाचार बैठक थी, जिसमें संधवां ने बिहार में बसने वाले पंजाबियों के विभिन्न मुद्दों को लेकर नीतीश कुमार के साथ चर्चा की।
इस दौरान दोनों नेताओं ने कृषि, डेयरी फार्मिंग, संस्कृति, खेल, विज्ञान, नवीन तकनीकों आदि पर विचार साझा किए। बैठक के बाद संधवां ने बताया कि उनकी नीतीश कुमार के साथ चर्चा बहुत अच्छी रही। इस दौरान उन्हें बिहार में बसने वाले पंजाबियों के बारे में काफी कुछ जानने का अवसर मिला। इससे पहले पटना में पहुंचकर संधवां तख्त श्री पटना साहिब में नतमस्तक हुए और उन्होंने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर श्रद्धांजलि भेंट की। उन्होंने अच्छे जीवन के निर्माण के लिए लोगों को श्री गुरु गोबिंद सिंह की शिक्षाओं पर चलने का आह्वान किया।