छात्र संघ चुनाव को लेकर उत्साहित लड़कियां
- फोटो : अमर उजाला
पीयू छात्र संघ चुनाव की घोषणा होते ही छात्र संगठनों ने अपने पैनल की घोषणा कर दी। बुधवार को तीन छात्र संगठनों ने अपने पैनल उतारे। इसके साथ ही नारेबाजी और भीड़ के जरिये अपनी ताकत दिखाई। पूरे दिन पीयू में नारे गूंजते रहे। वहीं, दूसरी ओर पीयू प्रशासन अपनी तैयारियों में व्यस्त नजर आया।
एनएसयूआई ने यूआईईटी में अपने पैनल की घोषणा की। यूआईईटी बायोटेक फोर्थ सेमेस्टर के छात्र निखिल नर्मिता को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया। वहीं, एंथ्रोपोलॉजी विभाग के राहुल को वाइस प्रेसिडेंट, जनरल सेक्रेटरी के लिए यूआईईटी से तेगवीर सिंह व ज्वाइंट सेक्रेटरी के लिए गांधीयन एंड पीस स्टडीज के विद्यार्थी मनप्रीत सिंह प्रत्याशी बनाए गए हैं।
एचपीएसयू ने स्टूडेंट सेंटर पर अनुज नेगी को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया। नारे लगाए और शक्ति प्रदर्शन किया। इसी तरह हिमसू ने जियोलॉजी विभाग के सामने अध्यक्ष पद प्रत्याशी के लिए धीरज ठाकुर का नाम घोषित किया। खूब नारेबाजी की। साथ ही छात्रों की भीड़ भी दिखाई। दूसरे छात्र संगठन के नेता भी यहां भीड़ देखने पहुंचे।
एबीवीपी पर टिकीं निगाहें
लगभग सभी छात्र संगठनों ने अपने पैनल घोषित कर दिए। एबीवीपी इस फील्ड में अभी नहीं आई। सभी छात्र संगठन व राजनीतिक लोगों की नजरें उन्हीं पर टिकी हैं। इंतजार है कि एबीवीपी कब पैनल घोषित करे। जैसे ही एबीवीपी का पैनल घोषित होगा, उसी के साथ राजनीतिक हलचल पीयू में तेज होगी और छात्र संगठन भी उसके मुताबिक अपनी-अपनी रणनीति को आगे बढ़ाएंगे। बताया जा रहा है कि एबीवीपी 29 अगस्त को अपने पैनल की घोषणा करेगी।