पंचकूला सेक्टर-12 की मार्केट में शराब के ठेके को शिफ्ट करने के लिए रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-12 के सदस्यों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। रेजीडेंट्स ने ठेके को हटाने के लए नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के सदस्यों ने डिप्टी कमिश्नर, डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर और विधायक ज्ञानचंद गुप्ता से शराब ठेके को हटाने की मांग की है।
एसोसिएशन और आम लोगों का कहना है कि शराब का ठेका घरों के एकदम नजदीक है। यह दो बैंकों के बीच में है और इस सेक्टर में रहने वाले बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सामन लेने सेक्टर की इसी मार्केट में आते हैं। लेकिन शराब का ठेका खुलने के बाद वह यहां जाने से कतराते लगे हैं। अब शराब के ठेके को हटवाने के लिए इस्कान मंदिर द्वारा भी एक पत्र लिखा गया है।
प्रदर्शन के बाद एसोसिएशन के सदस्यों और आम लोगों ने एमएलए ज्ञानचंद गुप्ता से मुलाकात की। विधायक ने इस मामले में डिप्टी एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर से फोन पर बात की और इसे शिफ्ट करवाने के लिए कहा। विधायक ने कहा की इस ठेके के पास अहाता नहीं खोलने दिया जाएगा।
जहां शराब का ठेका है वहां आसपास दो बैंक हैं। बैंको में लेडीज का आना जाना है। इसलिए ठेका यहां होना ठीक नहीं है।
मदन, मोहन निवासी सेक्टर-12
मेरा घर शराब के ठेके के ठीक पीछे है। इस ठेके के सामने अहाता है। शराबी लोग यहां गलत हरकतें कर सकते हैं।
अशोक दुग्गल, निवासी सेक्टर-12
शराब पीने के बाद तो लोग वैसे ही भड़क जाते हैं, इससे हमारे सेक्टर में क्राइम भी बढ़ सकता है। हमारे सेक्टर में इस जगह ठेका नहीं होना चाहिए।
मधु, निवासी सेक्टर-12
हम शाम को यहां सैर करते हैं तो लोग यहां पर खड़े होकर बीयर पीते हैं। यह ज्यादातर नागरिकों को नागवार गुजरता है।
सुदेश शर्मा, निवासी सेक्टर-12