पंचकूला। पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग में नियुक्ति के लिए आठ दिन से आमरण अनशन पर बैठे सहायक ड्राफ्ट्समैनों की दशा दयनीय हो गई है। इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है। सेक्टर -5 में ड्राफ्ट्समैन 17 दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। आज भी सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दिखाई दी। सेक्टर- 6 के अस्पताल में नरगिस और नीलम पहले से भर्ती हैं और सोनू को भी तबीयत बेहद खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया ।
सहायक ड्राफ्ट्समैन प्रदेशाध्यक्ष छत्रपाल कापड़ो ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल में प्रदेश की बेटियों को तीज की बधाई दे रहे थे तो ट्रिवटर पर मुख्यमंत्री को लाइव देखते हुए अस्पताल में भर्ती नरगिस और नीलम रो पड़ी और बोली- ‘क्या हम हरियाणा की बेटियां नहीं हैं’। अपने एक बयान में नरगिस ने अपना इलाज कराने और अनशन तोड़ने से मना कर दिया। इसी बीच जब सोनू को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया तो सब घबरा गए। मदद के लिए विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को फोन लगाया लेकिन फोन नहीं उठा। अब अस्पताल में कुल तीन अनशनकारी भर्ती हैं। 81 लोग मौजूदा सरकार से अपनी नियुक्ति की अपेक्षा कर रहे हैं ।