सुखना लेक पर शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में पैर फिसलने से एक युवक लेक में गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पानी में कूदकर युवक को बाहर निकाला। पुलिस तत्काल युवक को सेक्टर-16 स्थित हॉस्पिटल लेकर पहुंची लेकिन डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने महिला मित्रों पर युवक को लेक में धक्का देने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर शाम शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
रामदरबार निवासी अजय (20) अपनी एक महिला मित्र की बर्थडे पार्टी मनाने के लिए केक लेकर सुखना लेक पहुंचा। कुछ देर बाद उसकी दो महिला मित्र वहां पहुंच गईं। फिर सुखना के किनारे पर ही तीनों ने केक काटा और मस्ती करने लगे। तभी अचानक अजय का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा। महिला मित्रों ने चिल्लाकर आसपास के लोगों को बुलाया। किसी ने तत्काल पीसीआर पर फोन किया। मौके पर पहुंचे सुखना चौकी के हेडकांस्टेबल ने पानी में कूदकर युवक को बाहर निकाला और पुलिस की गाड़ी से तत्काल युवक को सेक्टर 16 स्थित अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि अजय की अपने दोस्तों से अनबन हो गई थी। उसी के कारण उन्होंने जानबूझकर अजय को लेक में धक्का दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अजय सेक्टर-46 के गवर्नमेंट कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा था।
आसपास के लोगों से भी पुलिस ने की पूछताछ
पहले मामला केवल पैर फिसलने का था, तब तक तो पुलिस भी सामान्य केस समझकर काम करती रही, लेकिन जब परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने सुखना पहुंचकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही वहां सामान बेच रहे वेंडरों से भी जानकारी ली। हालांकि ज्यादातर लोगों का कहन था कि काफी संख्या में लोग मस्ती करने आते हैं। ऐसे में हर व्यक्ति को देखना मुश्किल होता है। उधर, अजय के परिजनों के आरोप और हंगामे के बाद उसकी दोनों महिला मित्र काफी डर गईं। पुलिस दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन लेकर गई। वहां थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों से सुलह करने को कहा, लेकिन मामला सुलझा नहीं। अजय के परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार पुलिस को हारकर शिकायती पत्र लेनी पड़ी।
हादसों के बावजूद नहीं चेतती पुलिस
यह पहली बार नहीं है कि सुखना में कोई हादसा हुआ है। इससे पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। अभी बारिश का मौसम है, सैलानियों की भी काफी भीड़ है। इसके बावजूद पुलिस ने अपनी व्यवस्थाएं नहीं बढ़ाई है। वहीं सुखना का पानी भी लगातार बढ़ रहा है, इसको लेकर भी कोई खास इंतजाम नहीं दिख रहे हैं।