हरियाणा स्टेट प्रॉपर्टी डीलर वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल एसोसिएशन के प्रधान सुरेश अग्रवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को हुडा के संपदा अधिकारी मनीष लोहान से मिला और मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रॉपर्टी डीलरों ने मांग की है कि खरीददार पर खाली प्लॉट की बाउंड्रीवाल बनाने की शर्त हटानी चाहिए। यह अलॉटी पर बेवजह का बोझ है। एसोसिएशन ने मांग की कि ट्रांसफर परमिशन का चैनल छोटा करें। रिजर्व कैटेगिरी के प्लॉटों की बिक्री के बाद बार-बार फाइल चेकिंग का झंझट बंद किया जाना चाहिए।
सुरेश अग्रवाल ने कहा कि प्लॉटों के एवज में हुडा कैंपस में स्थित इंडियन बैंक के एक्सटेंशन काउंटर पर हरेक बैंक का डिमांड ड्राफ्ट स्वीकार किया जाना चाहिए। इसके साथ ही पदाधिकारियों ने एक्सटेंशन पॉलिसी के तहत लागू 15 साल की समयावधि को बढ़ाकर 20 साल करने की मांग की। जिससे लंबित केस सिरे चढ़ सकें।
इस मौके पर एसोसिएशन के चेयरमैन ओपी ओबरॉय, वाइस प्रेसीडेंट अनूप सिंह, चीफ एडवाइजर आरके अरोड़ा, महासचिव अशोक पवार, परविंद्र ढींगरा, अभय जैन, परवीन कौशल, सुरिंद्र पाल वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। संपदा अधिकारी मनीष लोहान ने प्रॉपर्टी एसोसिएशन की मांगों पर सकारात्मक रवैया दिखाते हुए कहा कि इनमें जल्दी ही सुधार किया जाएगा।
एफिडेविट को अटेस्ट करवाने के मामले में उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा चल रही है कि आने वाले दिनों में एफिडेविट के बजाय अलॉटी से डाक्यूमेंट सेल्फ अटेस्ट करवा लिया जाए। दूसरों बैंकों का डीडी स्वीकार न करने के मसले पर मुनीष लोहान कहा कि फाइनेंशियल पॉलिसी हुडा मुख्यालय तैयार करता है। इसमें उनके स्तर पर ही बदलाव किए जाएंगे।