पंचकूला सेक्टर 3 ताऊ देवी लाल स्टेडियम में प्रो कबड्डी लीग के दौरान भिड़ते हरियाणा और गुजरात के ख?
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। सेक्टर 3 ताऊ देवी लाल स्टेडियम में हुए प्रो. कबड्डी लीग सीजन-7 के मुुकाबले में रविवार को हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने गुजरात फार्च्यून जायंट्स को रोमांचक मुकाबले में एक प्वाइंट से हरा दिया। हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने गुजरात फार्च्यून जायंट्स की टीम को 38-37 से हराया। हरियाणा स्टीलर्स के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। इस जीत के साथ हरियाणा स्टीलर्स की टीम प्ले ऑफ में पहुंच गई है।
पहले राउंड में खेलते हुए गुजरात फार्च्यून जायंट्स की टीम ने हरियाणा स्टीलर्स की टीम पर बढ़त को बनाए रखा। लेकिन दूसरे राउंड के खेल में हरियाणा स्टीलर्स की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मैच को रोमांचक तरीके से जीत लिया गया। जीत के बाद हरियाणा स्टीलर्स के हेड कोच राकेश कुमार और टीम के कप्तान धर्मराज चेरलाथन ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जीत से हम खुश हैं, लेकिन जीत के बाद भी कोच का दर्द बाहर आ गया। उन्होंने कहा कि टीम को और अच्छा खेलने की जरूरत है। टीम की ओर से पहले राउंड में प्रदर्शन अच्छा नहीं किया गया था। वहीं टीम के खिलाड़ी विकास चिल्लर, विकास खंडोला, विक्रम खंडोला सहित सभी ने बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम को जीत दिला दी।
इसी जीत के साथ हरियाणा स्टीलर्स की टीम प्ले ऑफ में पहुंच गई है। आगे के मुकाबले में भी उनकी टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहती है। हार के बाद गुजरात फार्च्यून जायंट्स के कोच मनप्रीत सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन औसत रहा। इस बार टीम मुकाबले में अच्छा नहीं खेली इसलिए हम हारे।
दबंग दिल्ली केसी ने पुनेरी पलटन को हराया
दबंग दिल्ली केसी टीम ने पुनेरी पलटन को 60-40 के भारी अंतर से हराया। दिल्ली की टीम ने शुरू से ही पुनेरी पलटन की टीम पर दबाव बनाए रखा। टीम के रेडर नवीन कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जीत के बाद टीम के कोच कृष्णन हुड्डा ने जीत पर खुुुशी जाहिर की। अगले मुकाबले में यहीं प्रदर्शन दोहराने को लेकर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, पुनेरी पलटन के कोच ने बताया कि खिलाड़ियों की ओर से बेहतरीन प्रदर्शन नहीं किया गया। इस सीजन में हम खेल में अच्छा नहीं कर पाए।