फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माता मनसा देवी में पहले नवरात्र पर 80 हजार भक्तों ने माथा टेका

विज्ञापन
श्री माता मनसा देवी मंदिर में पहले नवरात्रे पर माता के दर्शनों को लगी श्रद्धालुओं की लंबी लाइन। - फोटो : PKL OFFICE
विज्ञापन
पंचकूला। नवरात्र के पहले दिन माता मनसा देवी तथा काली माता मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बनती थी। मां के दीदार के लिए सुबह ही लंबी कतार लग गई। वहीं अन्य दिनों की अपेक्षा रविवार को मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह चार बजे ही खोल दिया गया। सारा दिन मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। बारिश के साथ ही भक्तों का उत्साह भी बढ़ता गया।
विज्ञापन

माता मनसा देवी मंदिर में पहले दिन श्रद्धालुओं द्वारा कुल 12 लाख 54 हजार 751 रुपये की राशि दान स्वरूप अर्पित की गई। बारिश के बावजूद 80 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं द्वारा सोने के 8 तथा चांदी के 82 नग दान स्वरूप माता मनसा देवी तथा काली माता के चरणों में अर्पित किए गए। इसके अलावा यूएस के 41, कैनेडा के 60 डॉलर तथा 15 पाउंड भी दान में चढ़ाए गए।
वहीं, नवरात्र के दौरान हरियाणा समेत दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मेले में चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही थी। बुजुर्गों को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए विशेष प्रबंध किया गया था। उनके लिए जहां अलग से कतार की सुविधा थी, वहीं लिफ्ट भी सुचारु ढंग से चल रही थी।
विज्ञापन

नवरात्र मेले के मद्देनजर माता मनसा देवी मंदिर को रंगबिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया था, जिसकी सुंदरता देखते ही बनती थी। नवरात्र के पहले दिन मुख्य सचिव हरियाणा सरकार केशनी आनंद अरोड़ा ने माता मनसा देवी के चरणों में शीश नवाया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तथा सूचना जन संपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश खुल्लर तथा उनकी पत्नी भी मौजूद थीं। मुख्य सचिव हरियाणा सरकार केशनी आनंद अरोड़ा ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में स्थित यज्ञशाला में आहुतियां भी डालीं। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा, माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एमएस यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
भक्तों ने परिवार के साथ लिया मेले का मजा
माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मेले का भी मजा लिया। बच्चे जहां झूले का आनंद उठा रहे थे वहीं बड़े लोग मेले में लगे विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का स्वाद ले रहे थे। मेले में आने वाले भक्तों को सावधानी संबंधित लगातार घोषणा की जा रही थी। वहीं, वाहनों की पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी। पंचकूला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने शहरवासियों को नवरात्र की बधाई दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें