संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। सरकारी फीस अदा करने के बावजूद नौ महीने से लोगों को आरसी व लाइसेंस नहीं मिल रहे। लोगों को सरकारी रसीदें लेकर दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ा रहा है। आरटीओ दफ्तरों में कार्यरत मुलाजिमों का कहना है कि पंजाब ट्रांसपोर्ट विभाग में ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी की प्रिंटिंग करने वाली स्मार्ट चिप कंपनी का ठेका नवंबर 2024 से खत्म हो चुका है। कुछ महीने प्रिंटिंग बंद रही। विभाग ने अब अपने स्तर पर दस्तावेजों की प्रिंटिंग शुरू की है, लेकिन काम धीमी रफ्तार से हो रहा है।
बता दें कि अमृतसर जिले में ही करीब 45 हजार लोग आरसी और लाइसेंस का इंतजार कर रहे हैं। जिनका लाइसेंस अप्रूव हो चुका है, वे बिना हार्ड कॉपी के सड़क पर उतरने से कतरा रहे हैं, क्योंकि उन्हें चालान का डर है। हालांकि पंजाब सरकार ने डिजी लॉकर में दस्तावेज मान्य करने का आदेश जारी किया है लेकिन पंजाब पुलिस के अधिकतर मुलाजिम डिजी लॉकर को मान्यता नहीं देते। मजीठा रोड निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि उसने ड्राइविंग लाइसेंस 11 दिसंबर 2024 को अप्लाई किया था। अप्रूवल हुई लेकिन अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस की हार्ड कापी उसे नहीं मिली।
12 लाख के करीब डॉक्यूमेंट अटके : एडवोकेट
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट अरविंदर कुमार ने बताया कि कंपनी से ठेका खत्म होने के बाद पूरे पंजाब में आरसी-लाइसेंस का काम ठप्प होकर रह गया। मौजूदा समय में राज्य में 12 लाख के करीब डॉक्यूमेंट अटके हैं। अब तक महज 20-30 हजार ही दस्तावेज प्रिंट हो सके हैं। अगर स्थायी हल न निकला तो आने वाले समय में लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार और विभाग की लापरवाही है।
ट्रांसपोर्ट विभाग करवा रहा प्रिंटिंग : खुशदिल
इस संबंध में रीजनल ट्रांसपोर्ट विभाग के सेक्रेटरी खुशदिल सिंह ने बताया कि ठेका खत्म होने के बाद ही चंडीगढ़ में ट्रांसपोर्ट विभाग ने प्रिंटिंग शुरू कर दी थी। फिलहाल काम चल रहा है। पेंडेंसी ज्यादा होने के कारण समय लग रहा है। जितने भी लोगों की आरसी व ड्राइविंग लाइसेंस नहीं आए हैं, आने वाले दिनों में वे उन्हें मिल जाएंगे।