संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना इस्लामाबाद पुलिस ने कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये की ठगने के आरोप में एक महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसीपी जसपाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापे मार रही है। बटाला के धर्मपुरा काॅलोनी निवासी हरजिंदर सिंह बाजवा की शिकायत पर पुलिस ने इम्पीरियल एजुकेशन सर्विस नामक कंपनी चलाने वाली कवलजीत कौर को नामजद किया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला खुद को कंपनी की मालिक कहती थी। वह खालसा स्कूल के सामने सुखमनी एवेन्यू के पास अपने कार्यालय चला रही थी। कुछ साल पहले उनकी मुलाकात कवलजीत कौर के साथ हुई थी। कवलजीत कौर ने बताया कि वह पेशे से ट्रैवल एजेंट है और कई लोगों को विदेश में नौकरी दिला चुकी है। कनाडा में अच्छी नौकरी दिलाने की एवज में उससे 18 लाख रुपये की मांग की। उसने 18 लाख रुपये कवलजीत दे दिए। पैसे लेने के बाद भी आरोपी ने उसे कनाडा नहीं भेजा। आरोपी ने अपना दफ्तर और मोबाइल नंबर बंद कर दिए हैं।