चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने सेक्टर-53 के फ्लैट के दाम घटा दिए हैं। सोमवार को हाउसिंग बोर्ड ने नए दामों को मंजूरी दे दी। थ्री बेडरूम फ्लैट की कीमत में 17 लाख, जबकि टू बेडरूम फ्लैट की कीमत में 11 लाख और वन बेडरूम फ्लैट की कीमत में 5 लाख की कटौती की गई है। चौतरफा आलोचना झेलने के बाद सेक्टर-53 के 492 फ्लैट की स्कीम के तहत बनने वाले सभी कैटेगरी के फ्लैट के दामों को सीएचबी ने कम कर दिया है।
हाउसिंग बोर्ड ने जमीन के मुनाफे में की कटौती की है, जबकि निर्माण में होने वाले मुनाफे को बरकरार रखा है। जमीन पर वसूलने वाले मुनाफे को कम करने के बाद ही नए दाम तैयार किए गए हैं। सीएचबी ने वन, टू, थ्री बेडरूम फ्लैट की कीमतों में कमी की है। हालांकि, ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स के दामों में किसी तरह की कोई कमी नहीं की गई है। इसके साथ ही हाउसिंग बोर्ड ने डिमांड सर्वे की अंतिम तिथि को भी 30 नवंबर से बढ़ा कर 31 दिसंबर कर दिया है।
यह हैं नए दाम
एचआईजी (थ्री बेडरूम फ्लैट) 1.63 करोड़ 1.80 करोड़
एमआईजी (टू बेडरूम फ्लैट) 1.36 करोड़ 1.47 करोड़
एलआईजी (वन बेडरूम फ्लैट) 90 लाख 95 लाख
ईडब्ल्यूएस (टू रूम फ्लैट) 50 लाख 50 लाख
बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में उठा था मुद्दा
15 नवंबर को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में भी महंगे फ्लैट का मुद्दा उठाया गया था। उस समय मांग की गई थी कि सीएचबी अपने मुनाफे को कम कर लोगों को राहत दे सकता है। इस पर चेयरमैन ने दामों को रिव्यू करने को कहा था। इसके बाद अधिकारियों ने रिव्यू किया और फिर अपने मुनाफे में कटौती करने के बाद नए दाम तैयार किए है, जिन्हें सोमवार को मंजूरी दे दी गई।
50 फीसदी आवेदन भी आए तब भी बनेंगे फ्लैट्स
सीएचबी के एक अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-53 में फ्लैट्स बनाने से पहले किए जा रहे डिमांड सर्वे में अगर 50 फीसदी भी आवेदन आते हैं, तब भी फ्लैट बनेंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 65 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं और अगर दाम कम होते हैं तो इनकी संख्या में और इजाफा होगा। हाउसिंग बोर्ड ने कीमतों में कटौती करने के साथ ही अप्लाई करने की समय सीमा को भी बढ़ा दिया, ताकि लोगों को आवेदन करने के लिए अधिक समय मिल सके। सेक्टर-53 में फ्लैट्स खरीदने के लिए जो लोग पहले ही अप्लाई कर चुके हैं, उन्हें भी कम हुई कीमतों का लाभ मिलेगा।
यह है सेक्टर-53 की स्कीम
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने 11 एकड़ भूमि पर अलग-अलग कैटेगरी के 492 के करीब फ्लैट्स का निर्माण करना है। इसमें 192 फ्लैट थ्री बेडरूम और 100 फ्लैट टू बेडरूम फ्लैट बनाए जाने की योजना है। इनके अलावा वन रूम के 120 फ्लैट और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के 80 फ्लैट भी बनाने की योजना है।