पंचकूला में 10 मई को मतदान, 13 मई को होगी मतगणना
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला नगर निगम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतपाल शर्मा ने बताया कि मेयर और 20 वार्डों के पार्षद पदों के लिए 10 मई को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 13 मई को सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में कराई जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कुल 2 लाख 7 हजार 379 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 8 हजार 227 पुरुष, 98 हजार 447 महिलाएं और 5 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
20 वार्डों में बनाए गए 204 मतदान केंद्र
प्रशासन की ओर से 20 वार्डों में कुल 204 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी। एक मशीन मेयर पद और दूसरी पार्षद पद के मतदान के लिए होगी, ताकि मतदाता अलग-अलग वोट डाल सकें। मेयर पद के लिए 204 ईवीएम और 41 रिजर्व मशीनें, जबकि पार्षद पदों के लिए 204 ईवीएम और 58 रिजर्व मशीनें निर्धारित की गई हैं। पोलिंग स्टाफ की अंतिम रेंडमाइजेशन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
आचार संहिता पालन की अपील
उपायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए वार्डवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि 8 मई शाम 6 बजे के बाद चुनाव प्रचार पूरी तरह बंद रहेगा। सतपाल शर्मा ने उम्मीदवारों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने और निष्पक्ष चुनाव करवाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।