1 मई से हाउस लिस्टिंग चरण की शुरुआत 528 प्रगणक-पर्यवेक्षक तैनात
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना 2027 को लेकर पंचकूला में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर निगम क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं और अधिकारी-कर्मचारी इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में जुटे हैं।
नगर निगम के प्रमुख जनगणना अधिकारी सह आयुक्त विनय कुमार ने बताया कि जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस का होगा, जो 1 मई से शुरू होगा। इस दौरान हर घर की संरचना, पेयजल, शौचालय, बिजली जैसी सुविधाओं समेत अन्य आधारभूत जानकारियां जुटाई जाएंगी, जो आगे की जनसंख्या गणना के लिए आधार बनेगी।
दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी जैसे आयु, लिंग, शिक्षा और व्यवसाय का डेटा एकत्र किया जाएगा। यह जानकारी सरकार को नीतियां और योजनाएं बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रशिक्षण प्रक्रिया के तहत पहले मास्टर ट्रेनर्स को तैयार किया गया है, जो फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित कर रहे हैं। इसके बाद प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में कुल 457 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। अब तक 2 मास्टर ट्रेनर्स द्वारा 8 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस कार्य के लिए 528 प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो विभिन्न चरणों में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे।