पंचकूला। सेक्टर-20 और आसपास के इलाकों की 50 हजार से ज्यादा आबादी के लिए 24 घंटे मेडिकल सुविधा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। सेक्टर-20 की सरकारी डिस्पेंसरी को 24 घंटे चलने वाले मिनी अस्पताल में अपग्रेड करने का प्रस्ताव है। यहां रात के समय डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, जरूरी दवाइयां और ब्लड जांच जैसी बेसिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। गंभीर मरीजों के लिए एंबुलेंस तैनात करने का भी प्रस्ताव है। इससे लोगों को घर के पास उपचार मिलने के साथ सेक्टर-6 अस्पताल का दबाव कम होगा।
वार्ड नंबर-14 के पार्षद राकेश गोयल ने इस मांग को लेकर हरियाणा से राज्यसभा सांसद श्रीमती रेखा शर्मा से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। पार्षद राकेश गोयल ने बताया कि उन्होंने सेक्टर-20 और आसपास की आबादी के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल की मांग रखी है। सांसद ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द सुविधा शुरू करवाने का आश्वासन दिया।