चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने रोजगार उत्पन्न करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन (पीएसडीएम) ने मंगलवार को प्रदेश में 20 उद्योगों को स्थापित करने के लिए समझौता करार किया, जिससे राज्य में युवाओं के लिए 50,000 नौकरियों के अवसर पैदा होंगे। पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और साझेदारों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीएक्सओ) मीट-2024 के दौरान यह समझौता किया। अरोड़ा ने इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विस कंपनी (नैसकॉम) और मोहाली (एसएएस नगर), अमृतसर, लुधियाना और पटियाला की इंडस्ट्री एसोसिएशनों सहित 20 उद्योगों के साथ समझौते किए गए।
राज्य भर में 750 उम्मीदवारों वाले 23 प्रशिक्षण केंद्रों का डिजिटल उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने विश्व कौशल प्रतियोगिता के 100 विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री अरोड़ा ने कौशल विकास के क्षेत्र में पंजाब की उपलब्धियों को उजागर करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को हुनरमंद बनाना बहुत आवश्यक है। इस संबंध में आवश्यक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अभी लंबा सफर तय करना बाकी है। उन्होंने उद्योगों से भी अपील की कि वे राज्य के युवाओं की रोजगार योग्यता को और बेहतर बनाने के मिशन में सक्रिय रूप से भाग लें।
पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन (पीएसडीएम) ने यह समारोह आयोजित करके सभी साझेदारों को एक मंच पर इकट्ठा किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार युवाओं के कौशल को निखारने में उद्योगों को पूरा सहयोग देगी। रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण विभाग की प्रमुख सचिव जसप्रीत तलवार ने कौशल विकास क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सहयोग और संवाद को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित इस पहल के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि इस समारोह से कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करने में मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और युवाओं के कौशल को उपलब्ध नौकरियों के अनुसार संवारा जाएगा।
इस दौरान पैनल चर्चा में प्रमुख सचिव जसप्रीत तलवार, पंजाब विकास आयोग की उपाध्यक्ष सीमा बांसल, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट एंड पंचायती राज के सहायक निदेशक रंगे राघव, बाबा फरीद हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज यूनिवर्सिटी के उपकुलपति डॉ. राजीव सूद, माइक्रोसॉफ्ट की नॉर्थ इंडिया एजुकेशन की निदेशक स्वाति कौशल, लार्सन एंड टूब्रो के घरेलू मार्केटिंग नेटवर्क के प्रमुख संजीव शर्मा, आरडीएसडीई पंजाब के रीजनल डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल विशाल अरोड़ा, तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण विभाग और उच्च शिक्षा, नई दिल्ली के निदेशक भूपेश चौधरी और पीएचडीसीसीआई के चेयरमैन रुपिंदर सचदेवा ने भाग लिया।