पंचकूला। बच्चों को तनावमुक्त करने के लिए शहर के सरकारी स्कूलों में उनकी काउंसलिंग की जाएगी। इसके लिए स्कूल प्रबंधन की तरफ से यह फैसला लिया गया है। शहर के प्रिंसिपल और शिक्षक इसका प्रयास कर रहे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर पहली से 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। ऑनलाइन पढ़ाई के दौरान विद्यार्थी एक जगह रहने की वजह से तनाव का शिकार ना हों जाएं। इसके लिए स्कूल की तरफ से बच्चों की काउंसलिंग करवाई जाएगी।
सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए की तरफ से यह कदम उठाया गया है। स्कूल के प्रिंसिपल पवन गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों को कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लगातार घर में रहना पड़ रहा है। इसलिए बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए यह कदम उठा रहे हैं। इसके अलावा शहर के अन्य स्कूलों द्वारा भी विद्यार्थियों की काउंसलिंग की तैयारियां की जा रही हैं। राजकीय संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-20 के शिक्षक जयचंद ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर बच्चों को पढ़ाने के साथ इंडोर गेम भी खिलवाया जा रहा है।
शिक्षा विभाग की तरफ से भी विद्यार्थियों का सिलेबस पूरा कराने के लिए तीन घंटे से ज्यादा समय बच्चों को कंप्यूटर, मोबाइल पर ऑनलाइन पढ़ाना पड़ता है। पढ़ने के बाद उनकी फिजिकल एक्टिविटी भी कम होती है। अभिभावक बच्चों को घर से बाहर नहीं भेजते हैं। इस कारण बच्चों को तनाव मुक्त रखने के लिए स्कूलों की तरफ से काउंसलर बच्चों को जागरूक कर रहे हैं।