पंचकूला। कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने आठ राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को छोटे होम आइसोलेशन सेंटर बनाने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मल्लाह पिंजौर, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरवाला, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल रायपुररानी, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मोरनी, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल थापली, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामगढ़ निगम एरिया पंचकूला, राजकीय स्कूल गांव टिपरा कालका, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पिंजौर को होम आइसोलेशन सेंटर बनाने के आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि कोविड सेंटरों के संचालन के लिए पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा को आवश्यक सुरक्षा के सभी प्रबंध सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए हैं। सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर छोटे होम आइसोलेशन सेंटरों में रोगियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं जुटाने का प्रबंध सुनिश्चित करेंगी। खंड प्रभारी होम आइसोलेशन के आवास रखरखाव, भोजन और रोगियों के आने जाने की सारी जानकारी रखेंगे। नगर निगम पंचकूला और कालका के कार्यकारी अभियंता इन होम आइसोलशन सेंटरों को सैनिटाइज करवाने और बायो मेडिकल कचरे का सही तरीके से निपटान करवाना सुनिश्चित करेंगे।