पंचकूला। शहर के पार्कों की दशा सुधारने के लिए नगर निगम अब प्रतिमाह करीब 20 लाख रुपये खर्च करेगा। जबकि, वर्तमान में वह 16 लाख रुपये खर्च कर रहा था। फंड की कमी के कारण पार्कों की देखरेख करने वाली सोसायटियों का कार्य प्रभावित हो रहा था। इस समस्या को दूर करने के लिए ऑल पार्क डेवलपमेंट सोसायटी के सदस्यों ने मेयर कुलभूषण गोयल से रेट बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने इसे एजेंडे में शामिल किया और सदन में पास करवाया।
बता दें कि नगर निगम के अंतर्गत वर्तमान में कुल 213 पार्क हैं। इन पर अभी तक करीब 16 लाख रुपये खर्च हो रहे थे। रेट बढ़ाने के प्रस्ताव पर सदन की मुहर लगने के बाद अब प्रतिमाह करीब 20 लाख रुपये खर्च होंगे। नगर निगम के इस फैसले का ऑल पार्क डेवलपमेंट सोसायटी पंचकूला के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान ओपी सिहाग के नेतृत्व में मेयर कुलभूषण का आभार जताया। इस मौके पर पार्षद जय कौशिक, पार्षद सुरेश वर्मा, सेक्टर-15 पार्क विकास समिति के सदस्य व जजपा नेता केसी भारद्वाज, ऑल पार्क डेवलपमेंट सोसायटी के महासचिव अनिल कश्यप, उपप्रधान शरद भटनागर, केके शर्मा, प्रियंका पुनिया, रमेश, तेजपाल, किरण कक्कड़, आदर्श शर्मा व बीके अग्रवाल मौजूद रहे।