पंचकूला। राज्य सभा सांसद एवं आम आदमी पार्टी हरियाणा के सहप्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता का कहना है कि पार्टी हरियाणा में स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज के आगामी चुनाव पार्टी चिह्न पर लड़ेगी और पूरे हरियाणा में उम्मीदवार उतारेगी। यह घोषणा उन्होंने हरियाणा के कार्यकर्ताओं के साथ ऑनलाइन मीटिंग के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों में जहां पार्टी सरपंचों, ब्लॉक समिति और जिला परिषद में उम्मीदवार उतारेगी, वहीं स्थानीय निकाय चुनावों में हरियाणा की सभी नगरपालिकाएं और नगर परिषदों के पार्षदों के उम्मीदवारों के साथ जनता द्वारा सीधे चुने जाने वाले चेयरमैन और अध्यक्षों के लिए भी उम्मीदवार खड़ा करेगी। पार्टी चुनाव चिह्न झाड़ूू अलाट करेगी। हरियाणा में पंचायती राज के सरपंचों, ब्लॉक समिति और जिला परिषद का कार्यकाल फरवरी माह में समाप्त हो चुका है, स्थानीय निकाय की 43 नगरपालिकाएं और नगर परिषदों के कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो चुका है।
कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा चुनाव कराने की कोई भी मंशा जाहिर नहीं की जा रही है, लेकिन कोरोना का प्रकोप शांत हो गया तो चुनाव अगस्त में कराए जा सकते हैं। इसके लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के लिए जल्द ही विधानसभा और जिले स्तर पर सर्च कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही राज्य स्तर पर एक चुनाव समिति का गठन भी किया जाएगा, इसकी घोषणा चंडीगढ़ से करेंगे।