पंचकूला। नए साल में हुल्लड़बाजों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा जिले में 42 नाके लगाए जाएंगे। इनमें 500 जवान तैनात रहेंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मचारी वर्दी और बगैर वर्दी के भी तैनात रहेंगे। डीसीपी मोहित हांडा ने नए साल के जश्न में लोगों से किसी भी प्रकार की हुल्लड़बाजी नहीं करने की अपील की है। इसके साथ ही कोविड-19 के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है। डीसीपी का कहना है कि कोविड-19 के नियमों का पालन कर खुद को सुरक्षित रखें और अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलें।
डीसीपी का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा 42 नाके लगाकर चेकिंग की जाएगी। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ महिला पुलिस भी मौजूद रहेगी। सात जीओ और 10 एसएचओ और महिला पुलिस की टीम मौजूद रहेगी। इसके साथ कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिला पंचकूला की 25 राइडर, 25 क्यूआरटी राइडर और पीसीआर मौजूद रहेंगी। 500 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी नए साल पर मौजूद रहकर नाकाबंदी और चेकिंग करेंगे।
नए साल 2022 की पूर्व संध्या पर शहर के विभिन्न स्थानों पर निगरानी करेंगे और इसके अलावा ड्रंकन ड्राइविंग नाका लगाकर भी चेकिंग की जाएगी। डीसीपी ने आमजन से अपील कर कहा कि नए साल पर किसी भी प्रकार की कोई शरारत ना करें। उन्होंने कहा कि पांच जनवरी 2022 तक राज्य सरकार द्वारा रात 11 से 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसकी पालना करके पुलिस का सहयोग करें ।