अस्पताल पहुंचते ही महिला को हुई तेज प्रसव पीड़ा, परिजनों ने दुपट्टे-शॉल से घेरकर कराई डिलीवरी की कोशिश
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की इमरजेंसी गेट के बाहर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ई-रिक्शा से लाई गई एक गर्भवती महिला की वहीं डिलीवरी हो गई। डिलीवरी प्री-मैच्योर होने के कारण नवजात की मौत हो गई।
सेक्टर-12ए रैली की रहने वाली 19 वर्षीय गर्भवती महिला को दो दिन पहले सिविल अस्पताल से पीजीआई रेफर किया गया था लेकिन परिजन उसे पीजीआई ले जाने के बजाय घर ले गए। बुधवार को महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई जिसके बाद परिजन उसे ई-रिक्शा से सेक्टर-6 सिविल अस्पताल लेकर आए।
अस्पताल पहुंचते ही महिला की हालत बिगड़ गई और उसे असहनीय प्रसव पीड़ा होने लगी। ई-रिक्शा के इमरजेंसी गेट पर रुकते ही महिला को लेबर पेन बढ़ गया। ऐसे में साथ आई एक महिला ने हिम्मत दिखाते हुए ई-रिक्शा के चारों ओर दुपट्टे और शॉल से अस्थायी घेरा बनाकर डिलीवरी कराने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही लेबर रूम से डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पहुंचा और महिला को तुरंत लेबर रूम में शिफ्ट किया गया। हालांकि तब तक प्री-मैच्योर नवजात की मौत हो चुकी थी। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और मौजूद लोग स्तब्ध नजर आए।
कोट
महिला को दो दिन पहले पीजीआई रेफर किया गया था लेकिन परिजन उसे घर ले गए। फिलहाल महिला का इलाज अस्पताल में चल रहा है। नवजात की मौत हो गई है। इस मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत आती है तो जांच करवाई जाएगी।
-आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6