सेक्टर-32 के सनातन धर्म मंदिर में प्रवीण तोगड़िया।
केंद्र सरकार की ओर से अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाने का हम दिल से स्वागत करते हैं। यह बात सोमवार को सेक्टर-32 के श्री सनातन धर्म मंदिर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने प्रेसवार्ता के दौरान कही। इस मौके पर तोगड़िया ने केंद्र सरकार पर हमला भी किया। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति सर्जन बनता है तो पूरे परिवार में खुशहाली छा जाती है, लेकिन सर्जन बनने का परिणाम तब दिखता है जब वह सर्जन ऑपरेशन करके मरीज का जीवन बचाता है।
अनुच्छेद 370 और 35 ए हटाना देश के लिए खुशहाली का विषय है। हालांकि इसका परिणाम तब दिखेगी जब सरकार चार लाख कश्मीरी हिंदू और सिखों को उनके घरों में पहुंचाएंगी। स्थानीय लोगों ने उनके मकानों और संपत्तियों पर कब्जा किया हुआ है। तोगड़िया ने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत विस्थापितों की संपत्ति स्थानीय लोगों से मुक्त करवाकर उन्हें वापस दे और कब्जा करने वालों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही चार लाख हिंदू-सिख विस्थापितों को कश्मीर में पुनर्वासन का एक्शन प्लान देश के समक्ष प्रस्तुत करे।
इस अवसर पर विजय सिंह भारद्वाज पंजाब अध्यक्ष, द्विजेंद्र डोगरा उपाध्यक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल पंजाब, बलवीर कृष्ण गर्ग अध्यक्ष चंडीगढ़, पंडित राम बहादुर मिश्रा, निशांत शर्मा शिव सेना, सतीश गो रक्षा दल राष्ट्रीय प्रमुख और अमित जोशी पंजाब प्रमुख भी उपस्थित रहे।