संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। शहर के माईजीना एरिया में नगर काउंसिल ने पुलिस की मदद से एक अवैध निर्माण को गिराया। नगर काउंसिल अधिकारी सुखदेव सिंह रंधावा के अनुसार इंदरजीत कौर ने अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा कर महल जैसा घर बना लिया था।
काउंसिल ने पहले मालिकों को नोटिस भेजकर दस्तावेज मांगे थे। दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। एसएसपी डॉ. अकुर गुप्ता ने बताया कि घर के मालिक हरप्रीत सिंह हैप्पी लोगा और उनकी पत्नी इंदरजीत कौर इंदू नशा तस्करी के मामलों में जेल में बंद हैं।
कार्रवाई के दौरान इंदरजीत कौर के वकील राजविंदर सिंह राजा ने बताया कि इस घर को लेकर जगरांव कोर्ट नंबर चार में स्टे ऑर्डर के लिए केस दायर किया गया था। अगली सुनवाई 4 जुलाई को निर्धारित थी। नगर काउंसिल को 11 जून को नोटिस भेजा गया था, काउंसिल ने जानबूझ कर सुनवाई से पहले घर ध्वस्त कर दिया। काउंसिल कोर्ट में सुनवाई के बाद भी कार्रवाई कर सकती थी।
वकील ने काउंसिल पर कोर्ट के आदेशों की अवहेलना का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब घर का निर्माण हो रहा था, तब काउंसिल ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पूरे एरिया को सील कर दिया था। जब मीडिया ने शहर में अन्य अवैध निर्माणों पर कार्रवाई संबंधी सवाल किया, तो ईओ रंधावा ने यह कह पल्ला झाड़ लिया कि धीरे-धीरे करेंगे।