कालका। मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी के बुधवार को कालका दौरे को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से ठेकेदार के माध्यम से कालका की मुख्य सड़क के गड्ढे भरवाए गए थे। इन गड्ढों को केवल मिट्टी ओर रोड़ी डालकर पाट दिया गया था। स्थानीय लोग तब भी इसे केवल खानापूर्ति की कार्रवाई बता रहे थे।
लोगों की आशंका बुधवार को सच हो गई। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही गड्ढों में भरी मिट्टी और रोड़ी बाहर निकल गई। बुधवार सुबह मिट्टी और रोड़ी सड़कों पर बिखरी हुई नजर आई और सड़कों के गड्ढे फिर ज्यों के त्यों दिखे। इस पर लोग सवाल उठाते दिखे कि जब सीएम इस क्षेत्र में खुद आए हैं तो प्रशासन की कार्यप्रणाली का यह हाल है। सामान्य दिनों में आम जनता के कामों के लिए प्रशासन की तत्परता का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है।