पंचकूला। औद्योगिक क्षेत्र फेज-़1 की सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और बारिश के बाद होने वाला जलभराव उद्योगपतियों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। हालात यह हैं कि फैक्ट्रियों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे उत्पादन और सप्लाई दोनों प्रभावित हो रही हैं। उद्योगपतियों का कहना है कि वे सरकार को नियमित रूप से टैक्स देते हैं और हजारों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं, इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। कई सड़कों पर गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, वहीं माल ढुलाई करने वाले ट्रक और छोटे वाहन आए दिन खराब हो रहे हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क और नाले का फर्क करना मुश्किल हो जाता है। कर्मचारियों को फैक्ट्रियों तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिससे समय पर काम शुरू नहीं हो पाता। उद्योगपतियों ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 की सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि उद्योग सुचारू रूप से चल सकें और रोजगार प्रभावित न हो
कोई समाधान नहीं
हम टैक्स भी देते हैं और सैकड़ों लोगों को रोजगार भी, लेकिन सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरसना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।- - विरेंद्र कुमार गर्ग
आर्थिक नुकसान हो रहा
जलभराव के कारण माल समय पर बाहर नहीं जा पाता। ट्रांसपोर्टर आने से कतराते हैं, जिससे हमें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।- गुलशन बब्बर
सड़के जल्द ठीक हो
औद्योगिक क्षेत्र का यह हाल सरकार की उदासीनता को दिखाता है। अगर जल्द सड़के ठीक नहीं की गईं तो उद्योगों का संचालन और मुश्किल हो जाएगा।- विनय धीमान
समस्या का समाधान हो
सरकार और विभाग को शीघ्र इंडस्ट्री में लोगों को हो रही परेशानी को समझना चाहिए और तुरंत समाधान करना चाहिए, जिससे कर्मचारियों को फैक्ट्रियों तक पहुंचने में परेशानी न हो।- विकास वत्स