पसली की नौ हड्डियां टूटने, लीवर, पित्ताशय फटने और सिर पर चोट से गई जानसेक्टर-7 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। कोठियों में कारपेंटर का काम करने वाले मृतक रिंकू की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें उसकी हत्या का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में आया है कि पसली की नौ हड्डियां टूटने, लीवर, पित्ताशय फटने और सिर पर घातक चोट आने से उसकी जान गई है। सेक्टर-7 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से आशंका लगाई जा रही है कि रिंकू की पीट-पीटकर हत्या की गई है।
पंचकूला के सेक्टर-7 थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इसमें रिंकू के शरीर में चोट के निशान मिले हैं। रिंकू की पत्नी पूजा की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। रिंकू की पत्नी ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी रिंकू से तीन वर्ष पहले हुई थी। उसका दो साल का बेटा है। 5 मार्च को पति ठेकेदार गुरदीप के पास गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं आए। बाद में उनके गांव के चंद्रपाल ने जानकारी दी कि की तबीयत ठीक नहीं है। वह सरकारी अस्पताल में भर्ती है। जब वह सरकारी अस्पताल में पहुंची तो रिंकू मृत हालत में मिला। पुलिस को 5 मार्च को सूचना मिली थी कि सेक्टर-7 की कोठी में रिंकू का शव दूसरी मंजिल पर पड़ा है। परिजनों ने ठेकेदार पर पैसे के लेनदेन के मामले में हत्या करने का आरोप लगाया है।
सिर के पीछे दाईं ओर था घाव
मृतक रिंकू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सिर के पीछे दाईं ओर घाव था। छाती की दोनों ओर पसली की नौ हड्डियां टूटी हुई थीं। रिंकू की मौत लीवर और पित्ताशय के फटने से हुई। घाव के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
कोट
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
-राजबीर यादव, थाना प्रभारी, सेक्टर -7