स्कूलों में पॉलीथिन और प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह से रोका जाए। पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से शहर के सरकारी और प्राईवेट सभी स्कूलों को सर्कुलर भेजा गया है। भेजे गए सर्कुलर में यह निर्देश पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए दिए गए हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से यह सुर्कलर निकाला गया था। स्कूलों केे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए यह सर्कुलर निकाला गया है।
प्लास्टिक मुक्त बनाने का है प्लान
हरियाणा के सरकारी स्कूलों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह सर्कुलर निकाला गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एचएस सैनी ने बताया कि छात्र-छात्राएं अब सरकारी स्कूलों में प्लास्टिक के बैग नहीं ला सकेंगे। पानी के लिए प्लास्टिक की बोतल का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। पानी की प्लास्टिक की बोतल की जगह स्टील की बोतल या छोटे गिलास का इस्तेमाल पेयजल के लिए किया जाएगा। खाना प्लास्टिक की टिफिन के बजाए कपड़े में लपेटकर लाना होगा। पेयजल के लिए मटकों, स्टील व तांबे के गिलास का इस्तेमाल किया जाएगा। पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी एचएस सैनी ने बताया कि स्कूल के स्टूडेंट्स को प्लास्टिक मुक्त माहौल देने से होने वाले फायदे के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए स्कूल में हर सप्ताह शनिवार को सेशन का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से सभी स्टूडेंट्स को जागरूक किया जाएगा।
पूरे हरियाणा के लिए निकाला सर्कुलर
हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, मौलिक शिक्षा अधिकारियों को लिखित आदेश जारी किया है। आदेश में बाकायदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रोहतक रैली का हवाला दिया है। सर्कुलर में कहा गया है इस नियम का पालन सही तरीके से कराया जाए जिससे कि पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान न हो।