जिले की सड़कों पर प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते नजर आए, सैकड़ों घेराव करने जाने लगे तो पुलिस के हाथ-पांव फूले
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। मांगों को लेकर प्रदेशभर से विधानसभा का घेराव करने पहुंचे सैकड़ों अतिथि शिक्षकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर शाम को छोड़ा। सुबह से ही जिले की सीमा समेत धरनास्थल सेक्टर-5 के आसपास लगाए 11 नाकों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका। करीब 600 सौ पुलिस कर्मचारियों की तैनाती से प्रदर्शनकारी बिखर गए।
पुलिस प्रदर्शनकारियों को गाड़ियों में भर भरकर कई किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ रही थी। इस दौरान जिले की सड़कों पर अतिथि शिक्षक नारेबाजी करते नजर आए। दोपहर बाद धरनास्थल के पास सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी एकत्रित हो गए। वे चुपचाप विधानसभा का घेराव करने निकले तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने सभी को सेक्टर-6 के ट्रैफिक लाइट के समीप रोककर हिरासत में लिया और बस में बैठाकर जिले से बाहर ले गए। सुबह से ही धरनास्थल के आसपास भारी संख्या में एसीपी सुरेंद्र सिंह और एसीपी रोहिताश ढुल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
सुबह से पुलिस अतिथि शिक्षकों को रोकने में लगी
अतिथि शिक्षक संघ के प्रधान राजेंद्र शास्त्री ने बताया कि सोमवार सुबह ही प्रदेशभर से हजारों अतिथि शिक्षक मांगों को लेकर पंचकूला पहुंचने लगे थे। उनको चंडीगढ़ विधानसभा का घेराव करना था, लेकिन पुलिस ने शिक्षकों को बॉर्डर पर ही रोक कर हिरासत में ले लिया। शिक्षकों को शाम तक पुलिस चौकी और थानों में बैठाए रखा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अतिथि अध्यापकों को बसों में भरकर कई किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ा। अतिथि शिक्षक यूनियन के लगभग सभी प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों को पुलिस ने पंचकूला पहुंचने ही नहीं दिया गया उन्हें या तो उनके निवास स्थान से या फिर रास्ते में ही हिरासत में लिया गया। अतिथि अध्यापक पंचकूला में भी प्रवेश ना कर सके इसके लिए पुलिस ने जगह-जगह नाकेबंदी की हुई थी।
चुपचाप जा रहे शिक्षकों पुलिस ने लिया हिरासत में
सेक्टर-5 धरना स्थल पर सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस के साथ सीआईडी की टीम भी मौजूद थी। धरनास्थल, पार्क और आसपास क्षेत्रों में जितने भी अतिथि अध्यापक पहुंच रहे थे। पुलिस उन्हें बसों में बैठाकर हिरासत में ले रही थी। दोपहर करीब दो बजे सैकड़ों शिक्षक चुपचाप सेक्टर-5 से पैदल ही विधानसभा का घेराव करने निकल पड़े। पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी लगी। वे उन्हें रोकने के लिए बस सहित पहुंचे और सेक्टर-6 ट्रैफिक लाइट के समीप रोकर जबरदस्ती बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया। इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
11 नाकों पर 600 पुलिस कर्मी तैनात
पुलिस ने जिले की सीमा सहित 11 जगह नाके लगाकर अतिथि शिक्षकों को रोकर हिरासत में लिया। पुलिस ने मौली, बरवाला, पंचकूला जीरकपुर बॉर्डर, विकास नगर नाका, हाऊसिंग बोर्ड, सेक्टर-5 धरना स्थल के दोनों तरफ नाकेबंदी कर रखी थी। सेक्टर-17 और 18, विजिलेंस नाके पर भी नाकेबंदी कर रखी थी। इस दौरान 600 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। करनाल से भी महिला फोर्स को बुलाया गया था।