चंडीगढ। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने कक्षा 6वीं से 8वीं के अंग्रेजी, गणित और साइंस के विषय के पाठ्यक्रम व पुस्तकों को रिव्यू करने की तैयारी की है। यह प्रोजेक्ट अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न होगा।
पहले चरण में इसके लिए सोमवार को पीएसईबी में एक वर्कशॉप शुरू हुई है, जो कि 22 दिसंबर तक चलेगी। वर्कशॉप में स्कूलों के शिक्षक, विषय माहिर समेत कई लोग शामिल हो रहे हैं। इसमें किताबों के नए स्वरूप पर मंथन होगा। कोशिश यही की जाएगी कि किताबें रुचिकर हों। साथ ही बच्चों की उनमें दिलचस्पी बने रहे।
पीएसईबी कई साल से लगातार अपनी किताबों का रिव्यू कर रहा है, जबकि अब तीन कक्षाओं की किताबों के रिव्यू की तैयारी हुई है। इस मौके पर माहिर रीमा कौर ने बताया कि आने वाले 2-3 साल में नई शिक्षा नीति के तहत 6वीं, 7वीं व 8वीं कक्षा का रिव्यू किया जाएगा। मौजूदा शिक्षा प्रणाली में समाज को आ रही समस्याओं का हल शामिल करना बहुत जरूरी है। 5 दिवसीय वर्कशॉप में इसी चीज पर मंथन किया जाएगा। इस वर्कशॉप में अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी के मेंबर बी शंकर दास, अरून नाइक, अनुपमा जे श्री अजाबेल बिश्वास ने बोर्ड के विषय माहिरों, प्रोजेक्ट अफसरों, लेक्चरर व क्षेत्रीय माहिरों को योग्यता आधारित शिक्षा प्रदान करने के बारे में बताया जाए। वहीं, वर्कशॉप में बोर्ड के अकादमिक शाखा के उप सचिव अमरजीत कौर दालम, सुपरिंटेंडेंट अमरीक सिंह, कोऑर्डिनेटर आदर्श स्कूल उपनीत कौर व विषय माहिर रमिंदरजीत बासू, प्रितपाल सिंह, सीमा चावला व सुरभि जैकवाल शामिल थी।