क्रशर जोन में गश्त के दौरान बिना परमिट खनन सामग्री ले जाते पकड़े गए वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए खनन सामग्री से भरे दो टिप्परों को सीज कर दिया। दोनों वाहन बिना वैध परमिट और दस्तावेजों के सामग्री का परिवहन कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल की शाम थाना प्रभारी प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्रशर जोन में गश्त कर रही थी। इस दौरान संदेह होने पर दो टिप्परों को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान चालकों से संबंधित कागजात और बिल मांगे गए, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तुरंत माइनिंग विभाग को सूचित किया।
विभागीय टीम के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों वाहनों को नियमानुसार सीज कर दिया गया। थाना प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।