रायपुररानी। थाना रायपुररानी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चोरी की खैर की लकड़ी से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। जानकारी अनुसार शनिवार को सिपाही राजपाल सिंह, सिपाही नितिश, सिपाही सचिन व चालक सुभाष गश्त के लिए बस अड्डा मौली क्षेत्र में मौजूद थे।
इसी दौरान सूचना मिली कि गांव टाबर हरिपुर के खेतों से खैर के पेड़ों की अवैध कटाई करके कुछ व्यक्ति उन्हें पिकअप गाड़ी से पंचकूला ले जाने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम गांव टाबर से मौली की तरफ नेशनल हाईवे पर बनी पुलिया के पास पहुंची। तभी पुलिस टीम ने देखा कि एक पिकअप टाबर चौक से हाईवे की ओर आ रही है। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन टांगरी नदी के पास पिकअप चालक व अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर भाग निकले। मौके पर जांच करने पर पिकअप के अंदर खैर की चोरी की लकड़ी बरामद हुई। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।