जहरीली शराब मामले में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर विपक्ष के बाद अब अपनों ने हमला बोला है। सोमवार को राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो ने सूबे के गवर्नर वीपी सिंह बदनौर को मांग पत्र सौंपकर, राज्य में हुई मौतों के मामलों पर तुरंत एक्शन लेने और सभी दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। दोनों प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
रविवार को आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंदर केजरीवाल द्वारा जहरीली शराब मामले की सीबीआई जांच की मांग पर भड़के कैप्टन अमरिंदर सिंह का साथ देने सोमवार को कई कैबिनेट मंत्री भी मैदान में कूद गए। बलबीर सिद्धू, अरुणा चौधरी, राणा सोढी, सुंदर श्याम अरोड़ा, आशू ने मुख्यमंत्री के सुर में सुर मिलाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। शाम होते ही माहौल बदल गया। मौजूदा राज्यसभा सांसद और पूर्व पार्टी प्रधान प्रताप बाजवा और शमशेर दूलो अपनी ही सरकार को नाकाम साबित करते हुए गर्वनर के पास पहुंच गए।
हालांकि दोनों वरिष्ठ नेताओं ने अपने मांग पत्र में कैप्टन अमरिंदर सिंह का उल्लेख नहीं किया लेकिन उनके गवर्नर के पास मदद के लिए पहुंचना प्रदेश की कांग्रेस सरकार के लिए नई मुसीबत खड़ी करने के लिए पर्याप्त है, क्योंकि इससे विपक्ष को कैप्टन सरकार पर वार करने का और सशक्त मौका हाथ लग गया है। वहीं, बाजवा और दूलो के मांग पत्र को लेकर देर रात तक न तो कैप्टन की ही कोई प्रतिक्रिया आई और न ही किसी कैबिनेट मंत्री ने मुंह खोला।