पंचकूला। जहरीली गैस से पंजाब के किसान भी परेशान हैं। उनकी भी फसल खराब हो रही है। वह भी काफी समय से केमिकल प्लांट को शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। पंजाब सरकार ने किसानों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कुछ अहम फैसले लिए हैं। हालांकि, योजना को धरातल पर उतने में अभी समय लगेगा। पंजाब सरकार ने किसानों की फसल को जहरीली गैस की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए सबसे पहले डेराबस्सी में एयर क्यूरी फायर सिस्टम लगाने की योजना तैयार कर है। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्र में ई-वाहन के संचालक की तैयारी कर रही है। पंजाब सरकार की यह योजना कितना कारगर साबित होती है ये आने वाला समय बताएगा। लेकिन, अभी किसानों को इस जहरीली गैस की परेशानी का सामना ही करना पड़ेगा। बरवाला के किसानों ने विधानसभा अध्यक्ष और डीसी को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराया है।
पंजाब के डेराबस्सी में करीब पांच से दस किलोमीटर में 30 से 40 गांव हैं जो जहरीली गैस से परेशान हैं। यहां किसानों को फसल बर्बाद होने के साथ कई तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान स्थिति यह है कि बदबू और प्रदूषित हवा के चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। किसानों ने बताया कि यहां का भूजल बुरी तरह दूषित हो चुका है। लेकिन, उन्हें मजबूरन इस जल को पीना पड़ रहा है। हालांकि बीमारी से बचने के लिए उन्होंने कई तरह के उपाय कर रखे हैं। किसानों ने कहा कि पंजाब सरकार को जहरीली गैस से निजात दिलाने के लिए जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।
खेती करने से पीछे हट रहे किसान
बरवाला ब्लॉक के किसान जहरीली गैस के चलते खेती करने से अपना पैर पीछे खींच रहे हैं। गांव कामी के सरपंच विजेंद्र शर्मा, किसान बचन सिंह, सरदारा सिंह, लाभ सिंह, श्यामलाल, रजिंदर कुमार, योगेश्वर शर्मा, सियाराम, ठाकुरदास, भूषण शर्मा, बॉबी, प्रीतम सिंह, गुरनाम सिंह, धर्मवीर, कुलदीप, सुंदर सिंह, हरप्रीत सिंह ने बताया कि कृषि विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट आने के बाद वह फैसला लेंगे कि उन्हें क्या करना है। हालांकि, अभी वह रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि जिला प्रशासन को इस मामले में स्वयं ही कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। लेकिन, प्रशासन शिकायत का इंतजार कर रहे है।
मांग पत्र में किसानों ने कर रखे हैं हस्ताक्षर
पंजाब सीमा के साथ लगते बरवाला ब्लॉक के किसानों ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और उपायुक्त विनय प्रताप सिंह को पत्र लिखा है। मांग पत्र गांव कामी के नंबरदार अशोक शर्मा और आरके शर्मा द्वारा लिखा गया। इस पर गांव के किसान मोहन लाल, रमेश चंद, एनके शर्मा, देवेंद्र कुमार, रजनीश शर्मा, संजय कुमार, हेमराज, नंद शर्मा, नरेंद्र कुमार, सतीश और चमन लाल ने हस्ताक्षर किए हैं। किसानों ने पत्र में लिखा है कि जहरीली गैस के चलते उनकी फसल नष्ट हो गई। प्रशासन स्तर पर फसलों की गिरदावरी करवाकर मुआवजा दिलाया जाए। इसके अलावा पंजाब के डेराबस्सी स्थित केमिकल प्लांटों को किसी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके। ब्यूरो/संवाद