चंडीगढ़। पंजाब में निजी अस्पतालों को वैक्सीन बेचने का मामला प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंच गया है। पंजाब भाजपा नेताओं ने पीएमओ के एसओएस से मुलाकात कर इस मामले के साथ पीपीई और कोरोना फतेह किट खरीद में धांधली करने की शिकायत की। पीएमओ से भी सभी मामलों को लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में नेताओं के शिष्टमंडल ने प्रधानमंत्री कार्यालय के एसओएस डॉ. जतिंदर सिंह से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने जतिंदर सिंह को राज्य के बदतर हालात के बारे में विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा। मुलाकात के बाद अश्वनी शर्मा ने बताया कि कैप्टन सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा जनता के लिए भेजी गई वैक्सीन को भी अपनी जेबें भरने के लिए अवसर के रूप में इस्तेमाल किया और वैक्सीन प्राइवेट अस्पतालों को बेचनी शुरू कर दी। कैप्टन अमरिंदर सिंह तथा स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने 400 रुपये में खरीदी गई वैक्सीन प्रदेश के प्राइवेट अस्पतालों को 80 हजार डोज थोक भाव में 1060 रुपये में बेची। सरकार ने पीपीई किट और फतेह किट की खरीद में भी गड़बड़ी की।