रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी का शव पड़ोसी की छत पर ले जाकर छिपाया, फुटेज बना पुलिस जांच का अहम साक्ष्य
घरेलू सहायिका और उसका बेटा शव ले जाते कैमरे में कैद
मोबाइल फोन और कुछ ज्वैलरी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-21 में रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल मेहता की पत्नी नीरा मेहता की हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज ने हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की साजिश का खुलासा कर दिया है। फुटेज में घरेलू सहायिका सुनीता देवी और उसका बेटा महिला के शव को घर से बाहर निकालकर पड़ोसी की छत पर ले जाते और चादर से ढककर छिपाते दिखाई दे रहे हैं। यह फुटेज पुलिस जांच का अहम साक्ष्य बनकर सामने आया है।
पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने और साक्ष्य मिटाने की योजना बनाई थी। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने घरेलू सहायिका सुनीता देवी, उसके पति शंकर और बेटे राजा को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नीरा मेहता घरेलू सहायिका से घर से गायब आभूषणों के बारे में पूछताछ करने गई थीं, इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई।
वीरवार को अदालत ने सुनीता देवी और उसके बेटे को दो दिन के अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि तीसरे आरोपी शंकर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने रिमांड के दौरान मृतका का मोबाइल फोन और कुछ ज्वैलरी भी बरामद की है।