पंचकूला। जिले में खेल सुविधाओं के दावे तो किए जा रहे हैं लेकिन हकीकत में खिलाड़ियों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसका असर यह हो रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी गांव से निकल नहीं पा रहे हैं।
राजीव गांधी खेल स्टेडियम नग्गल पूरी तरह से बदहाल स्थिति में है। मैदान में झाड़ियां उगी हैं और साफ-सफाई भी नहीं करवाई जा रही है। हालांकि स्टेडियम में क्रिकेट, वॉलीबाल, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और फुटबॉल के कोच तैनात किए गए हैं, लेकिन असुविधाओं के कारण खिलाड़ी खेलने नहीं आते। कोच भी नहीं आते जिससे मैदान खाली पड़ा रहता है। इस तरह की असुविधाओं के कारण खिलाड़ी बास्केटबॉल, एथलेटिक्स और हैंडबाल खेलों में शामिल नहीं हो रहे। नील कमल, जिला खेल अधिकारी पंचकूला खेल विभाग ने कहा कि स्टेडियम का मैदान और बिल्डिंग की रेनोवेशन की जाएगी। जल्द ही स्टेडियम का सर्वे किया जाएगा और बजट की मांग सरकार से की जाएगी ताकि खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें। इस स्थिति में खेल विभाग का मुख्य उद्देश्य है कि स्टेडियम में सुधार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तराशा जा सके और गांव से खेल प्रतिभाओं को बाहर लाया जा सके।
स्टेडियम में मिली खामियां
क्रिकेट : नेट बॉल प्रैक्टिस स्टैंड टूटे हैं। जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी होती है।
वॉलीबाल ग्राउंड : स्टैंड में नेट नहीं है और खिलाड़ी नहीं आते।
एथलेटिक्स : दौड़ने का ट्रैक तैयार नहीं है, घास उग गई है।
बास्केटबॉल कोर्ट : घास और झाड़ियां उगी हैं। साफ-सफाई नहीं करवाई जा रही है।