शाम की सप्लाई ठप, हजारों गैलन पानी बहा लोगों में रोष
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-10 में गुरुवार शाम अचानक फटी मुख्य पेयजल पाइपलाइन ने पूरे इलाके में जलसंकट खड़ा कर दिया। होटल के पीछे बैक साइड में हुई इस घटना से हजारों गैलन पानी सड़कों पर बह गया और क्षेत्र की शाम की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
पाइपलाइन में आई बड़ी दरार के चलते पानी का दबाव एकदम खत्म हो गया, जिससे मकान नंबर-74 समेत आसपास के कई घरों में सप्लाई नहीं पहुंच सकी। अचानक आई इस समस्या से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई। घरों की टंकियां खाली रहने के कारण निवासियों को पीने के पानी से लेकर घरेलू कामों तक के लिए जूझना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पाइपलाइन लीकेज के दौरान काफी देर तक पानी यूं ही बहता रहा, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं होने से हालात और बिगड़ गए। इससे एक ओर जहां जल बर्बादी हुई, वहीं दूसरी ओर लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
एचएसवीपी से त्वरित कार्रवाई की मांग
क्षेत्र के निवासी शिवकुमार, राहुल और सुमित ने बताया कि होटल के पीछे पाइपलाइन फटने से पूरे इलाके की सप्लाई बंद हो गई। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से मांग की है कि पाइपलाइन को तुरंत दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल की जाए।
लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा। प्रशासन की लापरवाही के कारण एक तरफ पानी की बर्बादी होती है और दूसरी तरफ जनता को किल्लत झेलनी पड़ती है।
फिलहाल, सेक्टर-10 के प्रभावित निवासी अगली सप्लाई के सुचारू होने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि समस्या के जल्द समाधान को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है।