ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर में हुए दंगल में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के 125 पहलवानों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। ठाकुरद्वारा मंदिर परिसर में आयोजित विशाल दंगल में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने दमखम दिखाया। दंगल के फाइनलेे मुकाबले में सतबीर इशरनगर (पिंजौर) ने सतीश (दिल्ली) को हराकर खिताब अपने नाम किया।
दंगल में कुल 125 पहलवानों ने भाग लिया। मुकाबले रोमांचक रहे और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन से पूर्व मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर कमेटी के प्रधान डीपी शर्मा ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष की भांति इस बार भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि मंदिर में स्थापित मूर्तियां प्राचीन काल की हैं, जो खुदाई के दौरान प्राप्त हुई थीं, जिससे लोगों की गहरी आस्था जुड़ी है।
आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों, पुलिस व प्रशासन का आभार जताया।