लंबे समय से पैचवर्क के भरोसे सड़क, बारिश में गड्ढों में पानी भरने से बढ़ रहा हादसों का खतरा
लोगों ने पैचवर्क के बजाय सड़क की गुणवत्ता जांचकर स्थायी मरम्मत कराने की मांग की।
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंजौर। पिंजौर-कालका मुख्य रोड की हालत इन दिनों बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जबकि मुख्य बाजार में हालात और भी ज्यादा खस्ता हैं। लंबे समय से पैचवर्क के भरोसे चल रही इस सड़क पर महीनों तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासी पवन, मुकेश आदि ने बताया कि सड़क बनने के कुछ समय बाद ही इसमें टूट-फूट शुरू हो गई थी। इसके बाद से सड़क की स्थिति सुधारने के लिए बार-बार पैचवर्क ही किया जाता रहा है। उनका कहना है कि सड़क पर गड्ढे बनने के बाद लोग महीनों तक परेशान होते हैं, तब जाकर विभाग की ओर से कहीं-कहीं पैचवर्क कराया जाता है। अब एक बार फिर सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, लेकिन इसकी मरम्मत कब होगी, इसका पता नहीं।
पिंजौर-कालका मार्ग व्यस्त होने के कारण दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है।
लोगों का कहना है कि पिंजौर-कालका मार्ग क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त सड़क मार्ग है। इसके बावजूद समय पर मरम्मत नहीं होने से लोगों में रोष है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का केवल पैचवर्क कराने के बजाय इसकी गुणवत्ता की जांच कर स्थायी रूप से मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।