जंगल से गुजरने वाली सड़क के किनारे की गई खुदाई।
- फोटो : PKL OFFICE
पिंजौर। मीरांपुर बक्शीवाला पंचायत के दो गांवों के लिए जंगल से होकर जाने वाले 60 साल पुराने कच्चे रास्ते को वन विभाग ने खाई खोदकर बंद कर दिया। इससे ग्रामीणों का संपर्क मुख्य सड़क से कट गया है। इस कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है।
पूर्व सरपंच बक्शीवाला हरदेव ने बताया कि उनकी पंचायत के अंतर्गत दो गांव आते हैं। इसमें निचला जट्टवाल और निचला राऊवाला गांव शामिल हैं। इन गांवों से ग्रामीणों की आवाजाही जंगल में बने बर्षों पुराने रास्ते से होती है। ये रास्ते पुराने समय के हैं जब जंगल भी नहीं हुआ करते थे। इसे वन विभाग ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए बंद कर दिया है। इस कारण ग्रामीणों को आवाजाही में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
रसूखदार व्यक्ति को फायदा पहुंचा रहा विभाग
सरपंच हरदेव ने आरोप लगाया कि गांव जट्टवाल मार्ग पर ही जंगल में किसी रसूखदार व्यक्ति ने जमीन खरीदकर निर्माण कार्य शुरू किया है। व्यक्ति के जमीन खरीदने से पहले वन विभाग ने ट्रेंच खोद रखी थी जिसे भर दिया गया। वहीं, दूसरी ओर वन विभाग ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उक्त निर्माण कार्य पर पाबंदी लगाने की बजाय शिकायत करने पर गांवों का ही रास्ता बंद कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से रास्ते को खुलवाने और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वन विभाग ने अपने अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में कार्रवाई की है। जंगल में जाने वाले रास्ते को बंद किया गया है।
सुनील शर्मा, रेंज ऑफिसर, वन विभाग