पंचकूला। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच और सेक्टर-16 चौकी पुलिस ने कांग्रेसी नेताओं पर जानलेवा हमला करने वाले तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान शिवा, राहुल निवासी सेक्टर-16 राजीव कालोनी और विक्रम उर्फ विक्की निवासी सेक्टर-17 राजीव कालोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डीसीपी मोहित हांडा ने बताया कि नशे के कारोबार का विरोध करने पर वार्ड नंबर-6 के पार्षद पंकज बाल्मीकि, पार्षद पति डॉक्टर राम प्रसाद और ओम शुक्ला पर जानलेवा हमला करने वाले कुल छह आरोपियों में से पुलिस पांच को गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने बताया कि कुल छह आरोपियों ने एक प्लानिंग के तहत 14 मार्च को चॉपर से जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 मार्च को आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि 17 मार्च को आरोपी मोना पुलिस के हत्थे चढ़ा था। 18 मार्च को तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।