संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। उत्तर भारत का सबसे बड़ा डॉग शो रविवार को सेक्टर-3 ग्राउंड में संपन्न हुआ। दो दिवसीय मेगा डॉग शो के आखरी दिन ट्राइसिटी, पंजाब व हरियाणा से सैकड़ों लोग अपने डॉग के साथ पहुंंचे। दूसरे दिन डॉग की 50 से अधिक नस्लों के 300 डॉग ने भाग लिया। ग्रेट डेन व बायकान फ्राइस डॉग आकर्षण का केंद्र रहे। मेगा डॉग शो का आयोजन रॉयल कैनेल क्लब, पंचकूला द्वारा पेट एनिमल हेल्थ सोसाइटी, सेक्टर-3 और पशुपालन विभाग हरियाणा सरकार के सहयोग से किया गया। डॉग शो के समापन दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह में ब्रिटिश उप उच्चायुक्त कैरोलिन रोवेट विशेष अतिथि थी।
शो में ट्राइसिटी भर के कैनाइन प्रेमियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। रॉटविलर और लैब्राडोर डॉग श्रेणी की प्रतियोगिता में इस वर्ष देश के दूर-दराज के स्थानों से बड़े पैमाने पर भागीदारी देखी गई। रॉयल कैनेल क्लब के महासचिव सिकंदर सिंह ने कहा कि हमें यकीन है यह शो अगले संस्करण में और ज्यादा आगंतुकों और अधिक पशु प्रेमियों को आकर्षित करेगा। पशुपालन विभाग, पंचकूला के उपनिदेशक डॉ. रणजीत सिंह ने बताया कि यह बेहद सफल संस्करण रहा। शो का उद्देश्य लोगों को कुत्तों की नस्लों के बारे में जागरूकता और प्रशिक्षण देना था।
शो के समापन पर प्रतियोगिता में पोमेरेनियन, पग, माल्टीज, चिहुआहुआ, फ्रेंच बुलडॉग, ल्हासा, टॉय पूडल, अप्सो, पेकिंगीज़, मास्टिफ़, रॉटवीलर, गद्दी, सैनिट बर्नार्ड, डोगो अर्जेंटीनो, लैब्राडोर, जर्मन शेफर्ड, साइबेरियन हस्की, चाउ, अकिता इनु, ब्रिटिश बुलडॉग, शिहत्ज़ु, स्टैंडर्ड पूडल शामिल नस्लों के कुत्तों ने करतब दिखाए। मेगा डॉग शो के समापन दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान आईएएस अंकुर गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा पशुपालन और डॉ. बीरेंद्र सिंह लौरा, महानिदेशक, हरियाणा पशुपाल उपस्थित थे।