पंचकूला। डीसी मोनिका गुप्ता ने वीरवार को जिला सचिवालय के सभागार में अवैध अतिक्रमण रोकने और अनधिकृत कालोनियों के लिए गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक ली। जिले में अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा अतिक्रमण न हों, सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाेगों से भी अपील की कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध निर्माण होने से पहले की इसकी सूचना आपको मिलनी चाहिए, ताकि अवैध निर्माण को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने नगर निगम को अपनी बाउंड्री वाॅल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीसीपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियम और कानून सबके लिए बराबर हैं। भेदभाव की गुंजाइश नहीं है। एग्रीकल्चर जमीन पर एनओसी देने के बारे में सुनिश्चित करें कि जमीन पर खरीदारों द्वारा खेतीबाड़ी ही की जा रही है। उन्होंने जिला राजस्व अधिकारी को जिला नगर योजनाकार को रजिस्ट्री के बाद सेल डीड के बारे में भी जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क), नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका को पेरीफेरी नियंत्रण अधिनियम एवं पंजाब अनुसूचित सड़कें और नियंत्रित क्षेत्र अनियमित विकास प्रतिबंध अधिनियम 1963 के तहत अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध निर्माण के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा नियमित रूप से पेश करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखें और सुनिश्चित करें कि जहां अवैध ढांचे या कॉलोनियों को गिराया गया है, वहां बिना पूर्व अनुमति के दोबारा निर्माण न हों, ताकि अवैध निर्माण पर अंकुश लगाया जा सके।