रायपुररानी। ग्राम गढ़ी कोटाहा में बाबा बोड़ी वाले के प्रांगण में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘सॉन्ग मेले’ का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (कांग्रेस) के प्रदेश अध्यक्ष फोम लाल ने किया। कार्यक्रम के दौरान धर्मपाल सॉन्गी एंड पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक हरियाणवी सॉन्ग सुनाए और शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया।
मेला आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में इस सॉन्ग मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले के समापन पर बाबा बोड़ी वाले के दरबार में विशाल भंडारा होगा, जिसमें हजारों की संख्या में भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे। यह भंडारा बाबा की पावन स्मृति में आयोजित किया जाता है और श्रद्धालुओं के बीच विशेष आस्था का केंद्र रहता है।
इस आयोजन में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने न केवल बाबा बोड़ी वाले के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की, बल्कि पारंपरिक संस्कृति से भी गहरा जुड़ाव महसूस किया।