फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से मरीज बेहाल, कार्ड काउंटर से ओपीडी तक लगी कतारें

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में बुधवार को नर्सिंग स्टाफ की दो घंटे की हड़ताल का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ा। कार्ड बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने और ड्रेसिंग कराने तक के लिए मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कार्ड काउंटर, ओपीडी और इमरजेंसी के बाहर कतारें लग गईं। किसी को एक घंटे तक कार्ड नहीं मिला तो कोई ड्रेसिंग रूम खुलने की प्रतीक्षा करता रहा।
विज्ञापन

मरीजों की परेशानी बढ़ने पर पीएमओ डॉ. आरएस चौहान को खुद व्यवस्था संभालनी पड़ी। उन्होंने अपने कार्यालय के कर्मचारियों को खाली काउंटरों पर तैनात किया और इमरजेंसी में वैकल्पिक व्यवस्था कराई। दरअसल, 10 अक्तूबर की देर रात हार्ट के मरीज आशीष कुमार की मौत के मामले में छह नर्सिंग अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इसके विरोध में एचकेआरएन और अस्पताल के करीब 250 नर्सिंग कर्मचारी सुबह नौ बजे हड़ताल पर चले गए। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने निलंबन वापस लेने की मांग की। करीब दो घंटे बाद सुबह 11 बजे कर्मचारी काम पर लौट आए।
डॉक्टरों की भूमिका पर उठाए सवाल, कार्रवाई को बताया एकतरफा
एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने अस्पताल प्रबंधन पर बिना पूरी जांच किए नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने आशीष कुमार का एंट्री कार्ड दिखाते हुए कहा कि घटना की रात की फुटेज में नर्सिंग अधिकारियों से पहले ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मरीज को देखते नजर आते हैं। इसके बावजूद केवल नर्सिंग स्टाफ को जिम्मेदार ठहराया गया। डॉक्टरों की भूमिका की जांच नहीं की गई।
विज्ञापन

विनीता बांगड़ के अनुसार, आशीष कुमार 10 अक्तूबर की रात करीब दो बजे अस्पताल पहुंचे थे। उस समय डॉक्टर और डीएनबी डॉक्टर मरीजों को देख रहे थे। डॉक्टर ने मरीज के कार्ड पर ईसीजी लिखी, लेकिन इमरजेंसी का उल्लेख नहीं किया। उनका आरोप है कि हार्ट के मरीज को तत्काल प्राथमिक उपचार मिलना चाहिए था। डॉक्टर ने मरीज को ओपीडी के बाहर से कमरा नंबर 601 में ईसीजी के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि इमरजेंसी बी ब्लॉक में है और वहां पहुंचने के लिए सी ब्लॉक से होकर जाना पड़ता है। मरीज को तीसरी मंजिल भेजते समय न तो सुरक्षा कर्मियों और न ही किसी अन्य कर्मचारी को इसकी सूचना दी गई। मरीज अपने अटेंडेंट के साथ चला गया। रास्ते में रैंप पर गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद उसे इमरजेंसी में लाया गया, जहां सीपीआर दिया गया और दोबारा कार्ड बनाया गया।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि मरीजों को देखने और आगे भेजने का प्रोटोकॉल डॉक्टर या डीएनबी डॉक्टर तय करते हैं। यदि ईसीजी में बदलाव था तो तत्काल उपचार क्यों नहीं दिया गया? उन्होंने नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही के आरोपों से भी इन्कार किया।
नर्सिंग स्टाफ को शामिल कर दोबारा जांच की मांग
विनीता बांगड़ ने बताया कि मामले की जांच चार डॉक्टरों की कमेटी ने की थी, जिसमें पीएमओ भी शामिल थे। एसोसिएशन की मांग है कि नई कमेटी गठित कर दोबारा जांच कराई जाए। इसमें नर्सिंग कर्मचारियों को भी शामिल किया जाए और सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष जांच हो। कर्मचारियों ने निलंबन वापस नहीं होने तक विरोध जारी रखने की चेतावनी दी है। बृहस्पतिवार को भी प्रदर्शन किया जाएगा।
मरीजों को झेलनी पड़ी परेशानी
- एक घंटे ओपीडी के बाहर इंतजार: मौलीजागरां से बेटी के साथ आईं 65 वर्षीय महदई को ऑर्थो ओपीडी के बाहर करीब एक घंटे बैठना पड़ा। उन्होंने बताया कि सुबह अस्पताल पहुंचने के बावजूद हड़ताल के कारण डॉक्टर को दिखाने में देरी हुई।
- दो घंटे ड्रेसिंग रूम की प्रतीक्षा: जनार्दन की बाजू में फ्रैक्चर था। उनके बेटे करण ने बताया कि पिता के टांके खुलवाने आए थे, लेकिन ड्रेसिंग रूम खुलने के इंतजार में दो घंटे बीत गए।
- एक घंटे बाद भी नहीं बना कार्ड: जीरकपुर से आए एडवोकेट सुनीष अग्रवाल स्किन ओपीडी में दिखाने पहुंचे थे। उनका कहना था कि कार्ड बनवाते समय कर्मचारी काउंटर छोड़कर चला गया। एक घंटे बाद भी उनका कार्ड नहीं बन पाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें