कार्ड, फाइल और दवा के लिए मरीजों को तीन घंटे तक इंतजार, यूपीएस सिस्टम ठीक होने के बाद मिली राहत
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में बुधवार को तीसरे दिन भी मरीज इलाज के परेशान रहे। सुबह से सर्वर न चलने से इलाज के लिए आए मरीज और तीमारदार भटकते रहे। ओपीडी कार्ड और भर्ती फाइल बनवाने के लिए लोगों को दो से तीन घंटे लाइन में खड़े होना पड़ा।
अस्पताल में रोज करीब तीन हजार मरीज आते हैं। सर्वर बंद रहने के कारण कार्ड बनवाने के लिए लोग मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल और पुरानी बिल्डिंग के काउंटर नंबर तीन के चक्कर काटते रहे। दोपहर बाद तीन बजे यूपीएस सिस्टम को ठीक किया गया, जिसके बाद सभी काउंटर चालू हो गए और रजिस्ट्रेशन की सुविधा बहाल हुई। सिविल अस्पताल के पीएमओ आरएस चौहान ने बताया कि सर्वर और यूपीएस सिस्टम को ठीक कर दिया गया है। अब मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा और सभी काउंटर पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध होगी।
मरीजों की आपबीती
मौली गांव से आईं अनीता ने बताया कि गायनी वार्ड में दिखाने के लिए सुबह 9 बजे आई थी। कार्ड बनाने और इलाज में दो घंटे लग गए। रजनी निवासी गांव बिल्ला अपने पति की भर्ती के लिए फाइल बनवाने पहुचीं। उन्होंने बताया कि इसमें तीन घंटे का समय लगा। जीरकपुर से आए कृष्ण राम ने बताया कि दवा लेने में ही दो घंटे लगे। कई बार मजबूरी में बाहर से दवा लानी पड़ी। मुबारकपुर निवासी पूनम ने बताया कि जांच करवाने में तीन घंटे लगे। इसके बाद रिपोर्ट लेने के लिए दोबारा आना पड़ेगा।