कई माह झटके झेलने के बाद पंचकूला सेक्टर-19 की जिस सड़क का पैच वर्क फरवरी में हुआ था, वह पूरी तरह से उखड़ चुकी है। सड़क के नीचे से मिट्टी दिखने लगी है और भारी वाहन के पहियों के साथ कोलतार की पट्टियां उखड़ कर सड़क पर बिखर रही हैं। इस समय इस सड़क से गुजरना खतरे से खाली नहीं है, खास कर दुपहिया वाहन चालकों के लिए।
बता दें कि दो माह पहले इस सड़क का पैचवर्क का काम कई दिनों तक चला था। पैचवर्क के इस काम की चंद दिनों में यूं पोल खुलेगी, इस बारे में उस समय परेशानी झेलने वाले लोगों ने सोचा भी नहीं होगा। पैचवर्क के बाद कुछ दिन तक लोगों ने राहत की सांस ली थी, मगर अब एक बार फिर गड्ढों की वजह से इस सड़क पर झटके लगने लगे हैं। नगर निगम के एग्जीक्यूटिव आफिसर मनवेंद्र सिंह का कहना है कि सेक्टर-19 की सड़क की जो दुर्दशा हुई है, उसमें जल्द सुधार होगा।
जल्द होगा सड़क का निर्माण: एसई
नगर निगम पंचकूला के अधीक्षक अभियंता अनिल मेहता ने माना कि जब सड़क पर पैचवर्क करवाया गया था, उससे पहले यहां पर सड़क की हालत काफी खराब थी। उस समय सड़क निर्माण के लिए मौसम अनुकूल नहीं था, इसलिए तब निर्माण न करके अस्थायी रूप से पैचवर्क का काम कराया गया था। अब इस सड़क का निर्माण कब होगा, इस सवाल के उत्तर में उन्होंने समयावधि सुनिश्चित न करते हुए सिर्फ इतना ही कहा कि सड़क का निर्माण जल्द किया जाएगा।