इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में वारदात से लोगों में रोष, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित पेट्रोल पंप के पास बने पार्क से अज्ञात चोर लोहे की ग्रिल उखाड़कर ले गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि सड़क पर दिन-रात वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है, इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों की अनदेखी के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
लोगों के अनुसार चुनावी व्यस्तता के चलते प्रशासन और निगम कर्मचारी अन्य कार्यों में लगे हैं, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से पार्क की ग्रिल दोबारा लगवाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साथ ही रात के समय गश्त बढ़ाने की भी अपील की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।