हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संबंधित विभागों को सख्त एडवाइजरी जारी की
नगर निगम, आरटीए, एचएसवीपी, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी-बीएंडआर और कृषि विभागों को एडवाइजरी
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 360 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गंभीर चिंता जताते हुए संबंधित विभागों को सख्त एडवाइजरी जारी की है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधीर मोहन ने बताया कि नगर निगम, आरटीए, एचएसवीपी, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी-बीएंडआर सिंचाई विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग और हरियाणा राज्य कृषि एवं विपणन बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, डस्ट सप्रेसेंट का प्रयोग और मैकेनाइज्ड सफाई बढ़ाई जाए।
एक्यूआई का स्तर बेहद खराब
आंकड़ों के अनुसार 17 दिसंबर के बाद से पंचकूला का एक्यूआई लगातार ऊपर-नीचे होता रहा है। 17 दिसंबर को 330 दर्ज किया गया, 18 दिसंबर को यह बढ़कर 346 हो गया। 19 दिसंबर को कुछ राहत मिली और एक्यूआई घटकर 145 दर्ज हुआ, लेकिन यह अधिक समय तक नहीं टिक सका। 20 दिसंबर को एक्यूआई एक बार फिर 361 पर पहुंच गया और रविवार को भी 339 दर्ज किया गया। शुक्रवार को शहर का एक्यूआई 360 पहुंच गया है, जो गंभीर चेतावनी माना जा रहा है।